Dehradun School Holiday: 14 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

0
15

Dehradun Schools Closed August 14 Amid Orange Alert

देहरादून में 14 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

 

मुख्य बिंदु:

  • 14 अगस्त 2026 को देहरादून में स्कूल बंद रहेंगे।
  • कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों पर आदेश लागू।
  • सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
  • भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी।
  • अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट।
  • जिला प्रशासन ने सुरक्षा और आपदा न्यूनीकरण के मद्देनजर लिया फैसला।
  • डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

देहरादून। जनपद देहरादून में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 14 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के National Disaster Alert Portal से 13 अगस्त 2026 को जारी अद्यतन मौसम पूर्वानुमान और नाउकास्ट के आधार पर अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

मौसम की इस स्थिति को देखते हुए जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि अत्यधिक बारिश और खराब मौसम के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है। ऐसे में आपदा न्यूनीकरण और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

सभी सरकारी और निजी स्कूल रहेंगे बंद

जारी आदेश के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, गैर-शासकीय एवं निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय मौसम की गंभीर स्थिति और संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम के तौर पर लिया गया है।

अधिकारियों को आदेश के अनुपालन के निर्देश

जिला मजिस्ट्रेट डॉ. आशीष चौहान ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए आमजन से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।