DM Raid in Vikasnagar Sub-Registrar Office | 47 Stamp Duty Evasion Cases, Illegal Land Registrations Exposed

विकासनगर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में डीएम की छापेमारी, पुराने विलेख जब्त; प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्री और स्टांप चोरी के मामले उजागर
देहरादून।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को विकासनगर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में औचक निरीक्षण कर कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान प्रशासन को कार्यालय में अव्यवस्था, नियमों के उल्लंघन और वित्तीय गड़बड़ियों के ठोस प्रमाण मिले हैं।
निरीक्षण के दौरान वर्ष 2018, 2024 और 2025 तक के मूल विलेख पत्र संदिग्ध परिस्थितियों में कार्यालय में पाए गए। इन दस्तावेजों को तत्काल कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि विक्रय हेतु प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्री किए जाने के मामले सामने आए हैं, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
जांच में स्टांप शुल्क चोरी के भी गंभीर मामले सामने आए हैं। धारा 47-ए के तहत 47 प्रकरण चिन्हित किए गए हैं, जो राजस्व हानि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इन मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही, पारदर्शिता की कमी और प्रक्रियात्मक नियमों के उल्लंघन जैसी कई खामियां भी उजागर हुई हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि वर्तमान के साथ-साथ पूर्व में तैनात सब-रजिस्ट्रारों के कार्यकाल की भी गहन जांच की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, डीजीसी नितिन वशिष्ठ, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





