Uttarakhand rail connectivity: उत्तराखंड को बड़ी सौगात, हरिद्वार के लिए 3 प्रमुख रेल सेवाएं मंजूर

0
17

Haridwar Gets 3 New Rail Services, CM Dhami Thanks Centre

हरिद्वार को मिली तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात, सीएम धामी ने रेल मंत्री का जताया आभार

 

Uttarakhand’s Haridwar will get three major rail services, including Garib Rath extension to Haridwar and AC Express services to Veraval and Okha.

देहरादून: उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने हरिद्वार के लिए तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को मंजूरी दी है। इनमें बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार, हरिद्वार-वेरावल एसी एक्सप्रेस तथा हरिद्वार-ओखा एसी एक्सप्रेस का संचालन शामिल है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इन महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीनों रेल सेवाओं को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और पर्यटन प्रधान राज्य के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल सेवाओं के विस्तार से प्रदेश की धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। हरिद्वार देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है और वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तथा पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में नई और विस्तारित रेल सेवाएं यात्रियों के लिए आवागमन को और सुगम बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि इन रेल सेवाओं से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को बेहतर यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे। साथ ही, उत्तराखंड का देश के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी लगातार विस्तार ले रही है। नई रेल सेवाओं की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे हरिद्वार की देश के विभिन्न हिस्सों से कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ प्रदेश के पर्यटन और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में बेहतर परिवहन सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। केंद्र के सहयोग से राज्य में रेल सेवाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों के साथ-साथ देशभर से आने वाले यात्रियों को भी सुविधाएं मिल रही हैं।