उत्तराखंड में 4.4 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, चमोली के नारायणबगड़ के पास रहा केंद्र

0
25

Uttarakhand Earthquake: 4.4 Magnitude Tremors, Epicentre Near Chamoli

उत्तराखंड में भूकंप के तेज झटके, चमोली के नारायणबगड़ के पास रहा केंद्र

A 4.4 magnitude earthquake jolted several parts of Uttarakhand late Tuesday night. The epicentre was reportedly near Narayanbagar in Chamoli district.

देहरादून। मंगलवार रात उत्तराखंड के कई जिलों में अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रात करीब 10:23 से 10:24 बजे के बीच धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई स्थानों पर लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।

भूकंप का असर प्रदेश के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में महसूस किया गया। रुद्रपुर, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, रामनगर, खटीमा, हल्द्वानी, श्रीनगर गढ़वाल, पौड़ी और उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। अचानक घरों में कंपन और सामान हिलने का अहसास होने पर लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

4.4 तीव्रता का भूकंप, चमोली में रहा केंद्र

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 4.4 रिक्टर दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र चमोली जिले में नारायणबगड़ के पास बताया गया है। झटके महसूस होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर स्थिति की जानकारी ली। कई इलाकों में लोग कुछ समय तक घरों से बाहर ही रहे।

बागेश्वर में भी महसूस हुए झटके

जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बागेश्वर जिले में भी भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।

भूकंप के बाद प्रशासनिक एवं आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क रखा गया है। फिलहाल प्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों से किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन तंत्र से संपर्क करने की अपील की है।