हरिद्वार में आस्था का विराट स्वरूप, कांवड़ मेला 2026 में पहुंचे करीब 5 करोड़ शिवभक्त

0
5

Kanwar Mela 2026: Nearly 5 Crore Shiva Devotees Visit Haridwar, CM Dhami Expresses Gratitude

लगभग 5 करोड़ शिवभक्तों ने किया हरिद्वार का रुख, सीएम धामी ने कांवड़ मेला-2026 के सफल आयोजन पर जताया आभार

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए देशभर से हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर संदेश साझा करते हुए कहा कि इस वर्ष लगभग 5 करोड़ शिवभक्तों ने हरिद्वार पहुंचकर भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान देवभूमि उत्तराखंड ने श्रद्धा के ऐसे विराट स्वरूप का साक्षात्कार किया, जिसमें करोड़ों शिवभक्तों की आस्था के साथ सेवा, अनुशासन और बेहतर व्यवस्थाओं का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा के साथ-साथ उत्तराखंड की सेवा, आतिथ्य और धार्मिक परंपराओं में उनके विश्वास को भी दर्शाता है।

सीएम धामी ने कहा कि कांवड़ मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को सुरक्षित, सुचारु और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना एक बड़ी जिम्मेदारी है। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के साथ स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन दल, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

उन्होंने कहा कि लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस विशाल जनसमागम को व्यवस्थित बनाने में विभिन्न विभागों और संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों ने कांवड़ मेला-2026 को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने आयोजन में सहभागी रहे सभी शिवभक्तों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षाबलों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक-सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के प्रति हृदय से आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महादेव से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा समस्त शिवभक्तों पर सदैव बनी रहे और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों।