केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजनाओं में तेजी, मुख्य सचिव ने दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

0
3

Kedarnath and Hemkund Sahib Ropeway Projects Gain Momentum, Chief Secretary Reviews Progress

केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव ने समीक्षा बैठक में तय की कार्ययोजना

देहरादून।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड (यूआरडीएल) के निदेशक मंडल की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की महत्वाकांक्षी केदारनाथ रोपवे परियोजना एवं हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति एवं संस्तुति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने दोनों रोपवे परियोजनाओं के अंतर्गत वन भूमि स्वीकृतियों (फॉरेस्ट लैंड क्लीयरेंस) की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक सर्वेक्षण, तकनीकी अध्ययन एवं अनुमोदन कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग, विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों को भी शीघ्रता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि रोपवे परियोजनाएं केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगी। इसके लिए परियोजनाओं के आसपास पार्किंग सुविधाओं, लास्ट माइल कनेक्टिविटी तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए समुचित क्षेत्र विकसित किए जाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय निवासियों, व्यापारियों एवं अन्य हितधारकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।

बैठक में नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड के अधिकारियों ने केदारनाथ रोपवे परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना के लिए लिडार सर्वेक्षण (LiDAR Survey) और वीडियोग्राफी का कार्य पूर्ण हो चुका है। परियोजना के कंसेशनियर द्वारा जियो-टेक्निकल जांच शुरू कर दी गई है, जबकि गौरीकुंड और सोनप्रयाग स्टेशन क्षेत्रों का जियो-टेक्निकल सर्वे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का टोपोग्राफिकल सर्वेक्षण भी पूर्ण हो चुका है तथा प्रारंभिक अलाइनमेंट तैयार कर लिया गया है। अंतिम अलाइनमेंट जून 2026 के अंत तक निर्धारित किए जाने की संभावना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि देहरादून से सोनप्रयाग तक वास्तविक आकार के कंटेनरों के साथ लॉजिस्टिक्स ड्राई रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिससे निर्माण सामग्री की आवाजाही और परिवहन व्यवस्था का परीक्षण किया जा सका।

हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना की प्रगति पर जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि परियोजना क्षेत्र में भूमि सर्वेक्षण कार्य जारी है। हालांकि प्रतिकूल मौसम के कारण ड्रोन सर्वेक्षण में कुछ विलंब हुआ है, लेकिन अंतिम हिस्से के लिए डीजीपीएस (DGPS) और लिडार सर्वेक्षण का कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि मौसम अनुकूल होने पर शेष सर्वेक्षण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, धीराज गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं एनएचएलएमएल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।