Pipalkoti THDC Tunnel Accident: पीपलकोटी पहुंचे CM धामी, टीएचडीसी टनल हादसे का किया स्थलीय निरीक्षण

0
4

Pipalkoti THDC Tunnel Accident: CM Dhami Inspects Rescue

बेहद खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे CM धामी, टीएचडीसी टनल हादसे का किया स्थलीय निरीक्षण

चमोली, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को बेहद खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे और मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद जारी राहत एवं बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रतिकूल मौसम के कारण मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हुई।

मुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर मौजूद जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और अन्य संबंधित एजेंसियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया और मौके पर तैनात बचाव दलों से अभियान की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों, आधुनिक तकनीक और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।

मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। लगभग 3 किलोमीटर लंबी इस टनल के करीब 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने की स्थिति बनी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को घटनाक्रम और अब तक किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 लोगों को अब तक बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं और बचाव अभियान को पूरी गंभीरता, सावधानी एवं समन्वय के साथ जारी रखा जाए।

रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम उनके उपचार एवं स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेस्क्यू अभियान के साथ-साथ घायलों के उपचार, प्रभावित श्रमिकों के परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को परिजनों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बचाव अभियान में जुटी सभी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद सभी टीमें पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए रेस्क्यू कार्य को तेज किया जाए।

इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।