Chamoli Tunnel Accident: घायल श्रमिकों से मिले CM धामी, गोपेश्वर अस्पताल में जाना हालचाल

0
5

Chamoli THDC Tunnel Accident: CM Dhami Meets Injured Workers

घायल श्रमिकों से मिले CM धामी, जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचकर जाना कुशलक्षेम

चमोली, 14 अगस्त 2026। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और हादसे में सुरक्षित रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी घायल श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक श्रमिक का जीवन सरकार के लिए बेहद मूल्यवान है। घायल श्रमिकों के बेहतर उपचार और टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए। आवश्यकता के अनुसार उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर और सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उन्होंने स्वयं बातचीत की है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

टनल हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीएचडीसी टनल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान को पूरी तत्परता और समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।