प्रधानमंत्री मोदी के देहरादून दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, तैयारियां पूरी

0
7

PM Modi Dehradun Visit 2026: प्रशासन Alert, Delhi-Dehradun Expressway Inauguration Preparations Complete

प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां पूरी, प्रशासन अलर्ट मोड में

देहरादून, 13 अप्रैल 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी जोनल मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतिम समय तक पूरी सतर्कता और बेहतर समन्वय बनाए रखें, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी जोनल अधिकारी अपने-अपने सेक्टर और नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराएं और एक बार पुनः स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि छोटी से छोटी व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल एवं अन्य संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ अनिवार्य रूप से सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करें।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की तैयारियों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। डाइस प्लान, एनएचएआई के माध्यम से एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण, साउंड सिस्टम, एलईडी, एंकरिंग तथा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन और प्रोटोकॉल के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पंडाल में अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, जलपान, वाहन पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। साथ ही, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ रखते हुए एंबुलेंस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दिन सभी अधिकारी समय से अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहें। आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक प्रस्तावित मार्ग पर स्वागत कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और जनसुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड पर भी व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के गणेशपुर से दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देहरादून में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने पूरे रूट को 13 जोनों में विभाजित करते हुए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) के.के. मिश्रा, एसपी सिटी लोकजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।