उत्तराखंड में 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाएं, ‘रिफॉर्म उत्सव’ के साथ शुरू होगा जन योजना अभियान

0
22

Uttarakhand Gram Sabha 2026: Special Meetings on October 2

2 अक्टूबर को उत्तराखंड की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं, ‘रिफॉर्म उत्सव’ का होगा शुभारंभ

Special Gram Sabhas will be held across Uttarakhand on October 2 under the People’s Plan Campaign, with villagers’ suggestions shaping local development priorities.

जन योजना अभियान के तहत ग्रामीणों से होगा संवाद, स्थानीय जरूरतों और सुझावों के आधार पर तय होंगी विकास प्राथमिकताएं

 

 

देहरादून, 1 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को उत्तराखंड की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप जन योजना अभियान (People’s Plan Campaign-PPC) के साथ एकीकृत रूप से ‘रिफॉर्म उत्सव’ का शुभारंभ एवं क्रियान्वयन किया जाएगा।

ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक पात्रता, प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

स्थानीय भाषा में दी जाएगी योजनाओं की जानकारी

विशेष ग्राम सभाओं के दौरान पैम्फलेट, पोस्टर, आईईसी सामग्री, वीडियो, रील और छायाचित्रों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सहज और स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके लिए उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं के बारे में आसानी से जानकारी देना तथा पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ना है।

ग्राम सभाओं में ग्रामीणों से स्थानीय आवश्यकताओं और विकास संबंधी सुझाव भी लिए जाएंगे। इन सुझावों एवं स्थानीय प्राथमिकताओं को ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तथा अन्य विकास योजनाओं में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

 

जनवरी तक चलेगी विकसित ग्राम पंचायत योजना की नियोजन प्रक्रिया

सरकार के अनुसार, 2 अक्टूबर से VB-G RAM G अधिनियम, 2025 के अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) तैयार करने की नियोजन प्रक्रिया भी शुरू होगी, जो जनवरी तक चलेगी।

इसके तहत GPDP और VGPP से संबंधित ग्राम सभा बैठकों तथा सामूहिक नियोजन की गतिविधियों का आयोजन संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं में अनावश्यक दोहराव को रोकना और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।

योजनाओं और पात्रता की दी जाएगी जानकारी

विशेष ग्राम सभाओं में अधिनियम के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों के लिए निर्धारित विभिन्न प्रावधानों, योजनाओं और पात्रता संबंधी जानकारी भी साझा की जाएगी। ग्रामीणों को उनकी जरूरतों के अनुरूप उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जनभागीदारी और पारदर्शिता पर जोर

ग्राम स्तर पर तैनात कार्मिकों की ओर से योजनाओं की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

‘रिफॉर्म उत्सव’ के माध्यम से ग्राम स्तर पर जनभागीदारी, पारदर्शिता और स्थानीय जरूरतों पर आधारित विकास नियोजन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। विशेष ग्राम सभाओं के जरिए ग्रामीणों और सरकारी तंत्र के बीच संवाद को अधिक प्रभावी बनाने तथा विकास योजनाओं के निर्माण में स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।