Uttarakhand Weather Update: Rain, Snowfall on Oct 15–16
उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 15-16 अक्टूबर को बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
देहरादून समेत मैदानी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ेगी ठंड
Uttarakhand weather update: Rain is likely from October 14–16, with snowfall forecast above 3,500 metres and falling temperatures in the hill districts.
3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में 15 और 16 अक्टूबर को बर्फबारी के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 14 से 16 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत मैदानी क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में बारिश की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश हो सकती है। मौसम में इस बदलाव का प्रभाव खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है, जहां तापमान में गिरावट के साथ ठंड में इजाफा होने की संभावना है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने की संभावना है।
बारिश और बर्फबारी के चलते उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।




