CM Dhami Leads Cleanliness Drive at Nanakmatta Sahib

CM Pushkar Singh Dhami participated in a cleanliness drive at Gurudwara Nanakmatta Sahib and urged people to make cleanliness a part of daily life.
सेवा संकल्प अभियान के तहत नानकमत्ता पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान
नानकमत्ता, 5 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता स्थित गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया और स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना भी की।
मुख्यमंत्री के गुरुद्वारा पहुंचने पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उनका स्वागत किया गया। कमेटी ने मुख्यमंत्री को सरोपा एवं स्मृति चिह्न भेंट किया।
स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान
स्वच्छता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या विशेष अवसर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से देश का महत्वपूर्ण राज्य है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के साथ-साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना आवश्यक है।
सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से उत्तराखंड में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी प्रभावी होगी, जब इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी हो। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में योगदान देने की अपील की।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




