Dehradun Draft Electoral Roll 2026 Published | Claims & Objections Till August 13
13 अगस्त तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां, देहरादून में मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल प्रकाशित; 11.90 लाख मतदाता शामिल
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 2045 हुई
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों को सौंपी ड्राफ्ट मतदाता सूची, बीएलए-2 की शीघ्र नियुक्ति का किया आह्वान
देहरादून, 15 जुलाई 2026।
जनपद देहरादून में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का ड्राफ्ट रोल (प्रथम प्रारूप) प्रकाशित कर दिया गया है। अब पात्र नागरिक 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें ड्राफ्ट मतदाता सूची, एएसडी (Absent, Shifted, Dead) मतदाताओं की सूची, सर्विस वोटर सूची तथा सभी मतदान केंद्रों की सूची हार्ड कॉपी एवं पेन ड्राइव के माध्यम से उपलब्ध कराई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे बूथ स्तर पर मतदाता सूची का गहन परीक्षण करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि, विसंगति या अपूर्ण जानकारी सामने आती है तो उसे तत्काल निर्वाचन प्रशासन के संज्ञान में लाएं, ताकि समयबद्ध तरीके से आवश्यक संशोधन सुनिश्चित किए जा सकें।
11.90 लाख से अधिक मतदाता दर्ज
प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जनपद देहरादून में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस मतदाता तथा 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा नए मतदान केंद्रों की स्वीकृति मिलने के बाद जनपद में मतदान केंद्रों की संख्या 1882 से बढ़कर 2045 हो गई है, जिससे मतदाताओं को मतदान सुविधा और अधिक सुलभ होगी।
सभी विधानसभा क्षेत्रों की सूची उपलब्ध
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली, सर्विस वोटर सूची तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दिया गया है। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
13 अगस्त तक करें आवेदन
डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा जिनके नाम, पते, आयु या अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, वे 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक कर दिया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बीएलए-2 की नियुक्ति पर जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की नियुक्ति शीघ्र पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनकी सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के 35, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 103 तथा सीपीआई (एम) के 1394 मतदान केंद्रों पर अभी भी बीएलए-2 की नियुक्ति शेष है। वहीं बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी द्वारा अभी तक किसी भी मतदान केंद्र पर बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए गए हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





