Dehradun Liquor Shops Raided Over Overcharging, Irregularities
शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन की देर रात छापेमारी, कई दुकानों में मिली खामियां
Dehradun administration raided liquor shops late at night over overcharging complaints, finding irregular records, unauthorised salespersons and other violations.

देहरादून, 30 सितंबर 2026। शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बिक्री (ओवररेटिंग) और अन्य अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बुधवार देर रात व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक, बिक्री अभिलेख, रेट लिस्ट, बैच नंबर और सेल्समैन की वैधता समेत कई बिंदुओं की जांच की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद एवं हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह तथा उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ चेकिंग अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक भी टीमों के साथ मौजूद रहे।
आईएसबीटी की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सही मिली
सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों का निरीक्षण किया गया। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान की जांच के दौरान ओवररेटिंग की शिकायत की पुष्टि हुई।
जांच में दुकान पर रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खाए। इसके अलावा दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए और निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी। टीम ने दुकान के स्टॉक और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।

प्रेमनगर में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला
उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रेमनगर स्थित एक शराब की दुकान का स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं पाया गया। दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी मिले।
टीम ने स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर अनियमितताओं की रिपोर्ट तैयार की तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू की।
जाखन और राजपुर रोड में भी मिलीं कई अनियमितताएं
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद एवं हर्षिता सिंह के नेतृत्व में जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की शराब की दुकानों पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। कुछ दुकानों पर निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी, जबकि अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए।
इसके अलावा दुकानों पर आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित नहीं पाया गया। जांच के दौरान ओवररेटिंग के मामले भी सामने आए।
स्टॉक और बिक्री अभिलेखों की हुई जांच
विशेष अभियान के दौरान जिला प्रशासन की टीमों ने शराब की दुकानों पर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की। इनमें स्टॉक की स्थिति, बिक्री अभिलेख, बोतलों के बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट का प्रदर्शन, सेल्समैन की वैधता तथा आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनधिकृत व्यक्तियों से बिक्री कराना और अभिलेखों में अनियमितता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने कहा कि ओवररेटिंग और शराब की दुकानों में अन्य अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों पर आगे भी आकस्मिक एवं सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।






