दिव्यांगजनों को ₹1 लाख तक स्वास्थ्य बीमा | निरामया योजना | देहरादून प्रशासन
दिव्यांगजनों के लिए राहतभरी पहल: अब ओपीडी से सर्जरी तक मिलेगा एक लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा
निरामया योजना के तहत दिव्यांगजनों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच
सिर्फ 500 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर एक लाख रुपये तक का बीमा, बीपीएल परिवारों के लिए योजना पूरी तरह निःशुल्क
डीएम सविन बंसल का बड़ा निर्णय, जिला प्रशासन वहन करेगा 500 दिव्यांगजनों के बीमा प्रीमियम का खर्च
देहरादून, 14 मई 2026
दिव्यांगजनों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत सरकार द्वारा नेशनल ट्रस्ट के माध्यम से संचालित “निरामया स्वास्थ्य बीमा योजना” को जनपद देहरादून में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जिसके तहत विशेष दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों को व्यापक स्वास्थ्य बीमा सुविधा प्रदान की जाएगी।
योजना के अंतर्गत सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म, मानसिक मंदता एवं बहु-दिव्यांगता से पीड़ित दिव्यांगजनों को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इस बीमा सुविधा में ओपीडी उपचार, दवाइयों का खर्च, पैथोलॉजी एवं डायग्नोस्टिक जांच, डेंटल प्रिवेंटिव उपचार, नॉन-सर्जिकल हॉस्पिटलाइजेशन तथा जन्मजात दिव्यांगता से संबंधित करेक्टिव सर्जरी जैसी सेवाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त दिव्यांगता से जुड़ी समस्याओं को कम करने के लिए चल रही थेरेपी, वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों एवं अन्य उपचार संबंधी खर्चों को भी योजना में शामिल किया गया है, जिससे दिव्यांगजनों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए सामान्य श्रेणी के पात्र दिव्यांगजनों को केवल 500 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा, जबकि बीपीएल परिवारों से संबंधित दिव्यांग व्यक्तियों को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
इस दिशा में जिलाधिकारी सविन बंसल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण में 500 दिव्यांग व्यक्तियों का स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम जिला योजना के दिव्यांग कल्याण मद से जमा कराने की स्वीकृति दी है। इस फैसले के बाद चयनित 500 दिव्यांगजनों को बिना किसी आर्थिक बोझ के स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित करने तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी), देहरादून को बीमा आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए हैं।
बीमा योजना में पंजीकरण कराने के इच्छुक दिव्यांगजन एवं उनके परिजन डीडीआरसी, देहरादून के दूरभाष नंबर 8791009301 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।




