Dehradun Janata Darbar: Swift Action on 201 Complaints Under DM Savin Bansal

जनता दरबार में उमड़ा जनसैलाब: 201 शिकायतों पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, बुजुर्ग उत्पीड़न से लेकर हाईटेंशन लाइन तक उठे गंभीर मुद्दे
स्कूल फीस माफी, बेटी विवाह और मकान मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की गुहार
पारिवारिक प्रताड़ना और संपत्ति हड़पने के मामलों में प्रशासन ने शुरू कराई कानूनी कार्रवाई
जनसुनवाई से नदारद अधिकारियों पर सख्ती, चार विभागों से मांगा स्पष्टीकरण
देहरादून।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई/जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, विद्युत सुरक्षा, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, शिक्षा और स्कूल फीस माफी समेत विभिन्न विषयों से जुड़ी कुल 201 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान कई बुजुर्गों ने पारिवारिक उत्पीड़न और संपत्ति विवाद से जुड़ी गंभीर शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। बीमार बुजुर्ग घनश्याम भण्डारी ने अपने बड़े बेटे पर दुकान पर कब्जा करने और मकान हड़पने का आरोप लगाया। वहीं कैंसर से पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी और दामाद पर धोखाधड़ी कर जमीन और मकान अपने नाम कराने तथा मारपीट कर घर से निकालने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आमवाला निवासी 61 वर्षीय विधवा मुन्नी देवी ने बहू और बेटे पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं 65 वर्षीय गोदम्बरी देवी ने अपने सेवानिवृत्त पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने और इलाज व जीवनयापन के लिए आधी पेंशन दिलाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
जनता दरबार में जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। ग्राम खाला क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क किनारे झुके हाईटेंशन विद्युत खंभों से दुर्घटना की आशंका जताई गई। इस पर विद्युत विभाग और नगर निगम को तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय किद्दूवाला के भवन के मात्र तीन मीटर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए यूपीसीएल को शीघ्र आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
मोहकमपुर स्थित ज्वाल्पा एन्क्लेव में बरसाती नाले की सुरक्षा दीवार और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से जलभराव की समस्या पर सिंचाई विभाग को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। भोगपुर निवासी किसान सुरेश चन्द्र ने वर्षा के कारण कृषि भूमि के कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी।
ग्राम सोरना और रुद्रपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर सड़क मार्ग बाधित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम माजरी में सिंचाई नहर बंद कर भूमि कब्जाने के मामले में एसडीएम को तत्काल जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में पेयजल और संपर्क मार्ग से जुड़े कई मामले भी सामने आए। राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारी खाल में पेयजल आपूर्ति और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर जल संस्थान और जिला पंचायत राज अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रायपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता ने घर में दूषित पेयजल आने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जल संस्थान को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।
प्रेमनगर निवासी रमेश सिंह ने पेयजल और विद्युत कनेक्शन ट्रांसफर होने के बावजूद 38 हजार रुपये का जल बिल भेजे जाने की शिकायत की। इस पर जल संस्थान को प्रकरण का शीघ्र समाधान करने को कहा गया। वहीं झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में अनियमितता और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध न कराने के आरोपों की जांच पूर्ति अधिकारी को सौंपी गई।
आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी बड़ी संख्या में लोग जनता दरबार पहुंचे। ग्राम माधोवाला की मोनिका, अंजली और कुन्ती देवी ने बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता मांगी, जबकि आजाद नगर निवासी अनवरी जहां ने पुत्री विवाह हेतु आर्थिक सहयोग की गुहार लगाई। प्रेम सिंह ने मकान मरम्मत के लिए सहायता की मांग रखी, वहीं रविकांत शर्मा और सुनता सम्मल ने बच्चों की स्कूल फीस माफी के लिए प्रशासन से मदद मांगी। संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पशुपालन विभाग, पुलिस विभाग और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
जनता दरबार में एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौडियाल, तहसीलदार सुरेन्द्र देव, विवेक राजौरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





