
Char Dham Heli Yatra 2026: ICCCCC System Ensures Safe Travel for Over 21,000 Pilgrims
देहरादून, 11 मई 2026
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और तकनीक-संचालित बनाने की दिशा में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (आईसीसीसीसी) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट, देहरादून में स्थापित यह अत्याधुनिक नियंत्रण केंद्र खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भी हेली सेवाओं की लगातार निगरानी कर श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर रहा है।
22 अप्रैल 2026 से अब तक 21 हजार से अधिक श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से चारधाम यात्रा का लाभ उठा चुके हैं। यूकाडा के अनुसार फाटा, गुप्तकाशी और सिरसी से संचालित शटल सेवाओं के जरिए 17,976 यात्रियों ने धामों के दर्शन किए, जबकि 10 मई तक चार्टर्ड हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से 3,974 श्रद्धालु चारों धामों तक पहुंचे।
आईसीसीसीसी में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए), भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और यूकाडा की छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम चौबीसों घंटे तैनात है। यह टीम एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के साथ समन्वय स्थापित कर हेली संचालन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में जुटी हुई है। केंद्र से सभी हेली रूट, ट्रैकिंग डिवाइस, शटल सेवाओं और प्रत्येक उड़ान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
चारधाम हेली रूटों पर लगाए गए पीटीजेड कैमरों के माध्यम से हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग और टेकऑफ पर निरंतर नजर रखी जा रही है। इससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो पा रही है। खराब मौसम, कम विजिबिलिटी और पर्वतीय क्षेत्रों की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक उड़ान को एटीसी और विशेषज्ञ टीम की अनुमति के बाद ही संचालित किया जा रहा है।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देशन में चारधाम हेली यात्रा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अधिक सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीजीसीए के निर्देशों के अनुरूप सहस्त्रधारा और सिरसी में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां डीजीसीए और आईएमडी के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक हेली उड़ान की रियल टाइम ट्रैकिंग की जा रही है और मौसम की स्थिति का लगातार आकलन कर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
हेली टिकटिंग व्यवस्था भी पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनी हुई है। यूकाडा अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग में अब तक किसी प्रकार की धोखाधड़ी की शिकायत सामने नहीं आई है। श्रद्धालु आधिकारिक पोर्टल heliyatra.co.in के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं।
आधुनिक तकनीक, रियल टाइम निगरानी और मौसम आधारित संचालन प्रणाली के कारण चारधाम हेली यात्रा न केवल अधिक व्यवस्थित हुई है, बल्कि श्रद्धालुओं का भरोसा भी लगातार मजबूत हो रहा है।





