सुप्रीम कोर्ट में 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत, लंबित मामलों का होगा समाधान

0
6

Supreme Court Special Lok Adalat 2026 | Settlement of Pending Cases from Aug 21-23

विशेष लोक अदालत में होगा लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण, 21 से 23 अगस्त तक सुप्रीम कोर्ट में लगेगा ‘समाधान समारोह’

देहरादून।
लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को “समाधान समारोह” के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव एवं सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) सीमा डुंगरकोटी ने बताया कि इस विशेष आयोजन का उद्देश्य उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सुलह, समझौते एवं राजीनामे के माध्यम से शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों को शामिल किया जाएगा। इनमें फौजदारी वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर संबंधी मामले, चेक बाउंस प्रकरण, बैंक ऋण एवं वसूली विवाद, दीवानी एवं वैवाहिक वाद, बीमा दावे, सरकारी विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़े मामले, शैक्षणिक एवं सेवा विवाद सहित अन्य प्रकृति के वादों का निस्तारण आपसी सहमति से किया जाएगा।

सचिव ने बताया कि जिन वादकारियों के मामले वर्तमान में उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं और जो अपने मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान चाहते हैं, वे 20 अगस्त 2026 तक अपने मामलों को आवश्यक रूप से उच्चतम न्यायालय में सूचीबद्ध करा लें, ताकि उन्हें इस विशेष लोक अदालत में शामिल किया जा सके।

उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान के तहत देहरादून जनपद से संबंधित उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। संबंधित पक्षों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्री-मीटिंग एवं सुलह वार्ता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यदि वार्ता सफल रहती है, तो संबंधित मामलों को विशेष लोक अदालत में निस्तारित कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से पूरी की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन एवं वादकारियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित, कम खर्चीले एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं तथा न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क करें।

अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दूरभाष नंबर 0135-2520873 अथवा ई-मेल dehradundlsa13@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।