CM Pushkar Singh Dhami Visits Kamakhya Devi Temple in Guwahati | उत्तराखंड समाचार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने असम दौरे के दौरान मंगलवार को गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां कामाख्या का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे श्रद्धा भाव और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवी की आराधना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने मां कामाख्या से देवभूमि उत्तराखंड के सभी नागरिकों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्ध जीवन के लिए प्रार्थना की। उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति, विकास, सामाजिक सद्भाव और खुशहाली की मंगलकामना भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शक्ति की कृपा से उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और राज्य सरकार जनकल्याण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मां कामाख्या का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहेगा और राज्य नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
गौरतलब है कि कामाख्या देवी मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के मंदिर दर्शन को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





