सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषक रथ रवाना, गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी

0
24

Krishak Rath Flagged Off in Suwakholi by Ganesh Joshi

सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषक रथ रवाना, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी

 

Agriculture Minister Ganesh Joshi flagged off Krishak Rath in Suwakholi under the Seva Sankalp Campaign to promote schemes and modern farming.

देहरादून, 05 अक्टूबर 2026। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र एवं विभिन्न फसलों के उन्नत किस्म के बीज वितरित किए। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए।

कार्यक्रम में किसानों से संवाद करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देश और प्रदेशभर में सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत के अनुरूप समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

गांव-गांव पहुंचेगा कृषक रथ

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को कृषि एवं कृषक कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं से जोड़ना और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाना है।

उन्होंने किसानों से केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि और बागवानी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में खेती-किसानी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

पॉलीहाउस, मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को बढ़ावा

गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पॉलीहाउस निर्माण के साथ मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को इन गतिविधियों के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि एरोमा मिशन के अंतर्गत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से किसानों को औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती से जोड़कर उनकी आय में अतिरिक्त वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान आधुनिक तकनीकों और नई कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और कृषि को अधिक लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मृदा स्वास्थ्य और आधुनिक कृषि तकनीकों की दी जा रही जानकारी

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तकनीकों, फसल विविधीकरण तथा समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही किसानों को जलवायु परिवर्तन के अनुरूप कृषि पद्धतियों को अपनाने और नवीन तकनीकों के उपयोग के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, आधुनिक तकनीक और मूल्य संवर्धन को अपनाने का आह्वान किया। इससे किसानों के लिए आय के नए स्रोत विकसित किए जा सकते हैं।

किसानों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे गांव-गांव और खेत-खलिहान तक पहुंचाना है। किसानों को आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और बाजार आधारित कृषि से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों का सर्वांगीण विकास और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना डबल इंजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।